सिमडेगा :महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस ने पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। मौके पर जिला अध्यक्ष सह विधायक भूषण बाड़ा ने महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में झूठा और दुर्भावनापूर्ण भ्रम फैलाकर कांग्रेस को महिला विरोधी साबित करने की कोशिश कर रही है। जबकि सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है। विधायक ने कहा कि महिला आरक्षण बिल वर्ष 2023 में ही संसद द्वारा सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है। यह संविधान का 131वां संशोधन बिल है। जिसका उद्देश्य महिलाओं को संसद और राज्य विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर इस बिल को लागू करने में देरी कर रही है और इसे परिसीमन और सीटों की संख्या बढ़ाने से जोड़कर मुद्दे को भटका रही है। विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि देश में संसद और विधानसभा की मौजूदा सीटों के आधार पर महिला आरक्षण को तुरंत लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि इसे परिसीमन से जोड़ना न सिर्फ गलत है बल्कि इससे छोटे राज्यों को नुकसान होगा और देश की संघीय व्यवस्था भी प्रभावित होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस प्रक्रिया को जानबूझकर लंबा खींच रही है ताकि चुनावी फायदा उठाया जा सके। विधायक ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर सिर्फ राजनीतिक एजेंडा चला रही है।

जब बिल 2023 में पास हो गया था तो अब तक इसे लागू क्यों नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इसे चुनावी राज्यों में मुद्दा बनाकर महिलाओं के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रही है।कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष जोसिमा खाखा ने 73वें और 74वें संविधान संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने ही पहली बार पंचायत और शहरी निकायों में महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें राजनीतिक रूप से सशक्त बनाया। आज लाखों महिलाएं स्थानीय निकायों में जनप्रतिनिधि बनकर नेतृत्व कर रही हैं, जो कांग्रेस की नीतियों का परिणाम है। भाजपा वन नेशन-वन इलेक्शन, परिसीमन और सीट बढ़ाने जैसे मुद्दों के साथ महिला आरक्षण को जोड़कर असल मुद्दे से ध्यान भटका रही है।मौके पर महिला जिला अध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा,सेवा दल संगठन अध्यक्ष सामरोम पौल तोपनो,जिला प्रवक्ता रणधीर रंजन,सिमडेगा प्रखंड अध्यक्ष सिलबेस्टर बघवार,मनोज जायसवाल, जिला प्रवक्ता रणधीर रंजन,एजाज अहमद, मीडिया प्रभारी अरविंद लुगुन,अख्तर खान, शकील अहमद, अविनाश मिश्रा,सलमान खान,रोहन जायसवाल,बिनीता तिर्की,उर्मिला केरकेटा,प्रतिमा कुजूर, सूचिता तिर्की,रीता किंडो,मुक्ता तिर्की,नीलम डुंगडुंग, शोभेन तिग्गा ,संजय तिर्की आदि कांग्रेस पार्टी के सम्मानित पदाधिकारी एवं कर्मठ कार्यकर्ता मौजूद थे।









