मुख्यमंत्री ने साझा किया सिमडेगा हेरिटेज सेंटर सह म्यूजियम का वीडियो, पर्यटकों को किया आमंत्रित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिमडेगा : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत ने अपने सोशल मीडिया पर सिमडेगा स्थित हेरिटेज सेंटर सह संग्रहालय का वीडियो ट्वीट में साझा करते हुए लोगों को यहां आने का आमंत्रण दिया है। उन्होंने अपने संदेश में सिमडेगा की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर और सांस्कृतिक समृद्धि को करीब से देखने की अपील की।मुख्यमंत्री द्वारा साझा किए गए वीडियो में सिमडेगा जिले की हरियाली, पहाड़ियां, जंगल और शांत वातावरण को प्रमुखता से दर्शाया गया है। झारखंड के दक्षिण-पश्चिम भाग में स्थित यह जिला ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सीमा से सटा हुआ है, जो इसे भौगोलिक रूप से भी विशेष बनाता है। यहां की प्राकृतिक छटा के साथ-साथ इसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी लोगों को आकर्षित करती है।


वीडियो में विशेष रूप से उस हेरिटेज सेंटर का उल्लेख किया गया है, जिसे पुराने अनुमंडल कार्यालय भवन को विकसित कर संग्रहालय के रूप में तैयार किया गया है। करीब एक सदी से अधिक पुराने इस भवन को उसके मूल स्वरूप में संरक्षित रखते हुए नया रूप दिया गया है। भवन के दरवाजे, खिड़कियां, लकड़ी की अलमारियां और पारंपरिक संरचनाएं आज भी सुरक्षित रखी गई हैं, जो इसके ऐतिहासिक महत्व को दर्शाती हैं।
संग्रहालय के भीतर औपनिवेशिक काल से जुड़े दस्तावेज, पुराने प्रशासनिक अभिलेख, पारंपरिक उपकरण, फर्नीचर और अन्य ऐतिहासिक सामग्री प्रदर्शित की गई है। यहां प्रथम विश्व युद्ध से संबंधित ऐसे साक्ष्य भी मौजूद हैं, जो बताते हैं कि सिमडेगा के लोग उस दौर में अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी भागीदारी निभा चुके हैं। यह पहल स्थानीय इतिहास को सहेजने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।इसके अलावा संग्रहालय में जनजातीय संस्कृति से जुड़ी वस्तुएं, पारंपरिक जीवनशैली को दर्शाने वाले उपकरण और सामाजिक परिवेश से संबंधित सामग्री भी रखी गई है। परिसर में पुस्तकालय और मार्गदर्शक की व्यवस्था की गई है, जिससे आगंतुकों को हर पहलू की जानकारी मिल सके।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सिमडेगा केवल एक स्थान नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कृति और इतिहास को समझने का माध्यम है। उनके इस पहल के बाद सिमडेगा के इस हेरिटेज सेंटर को लेकर लोगों में उत्साह और जिज्ञासा बढ़ी है, जिससे आने वाले समय में यहां पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सिमडेगा उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि सिमडेगा जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि पुराने अनुमंडल को प्रशासन ने किस तरह से विकसित किया है जिसकी ख्याति धीरे-धीरे बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से अपील किया है कि यहां पर लाइब्रेरी के साथ-साथ पलास मार्ट के माध्यम से महिलाओं द्वारा बनाया गया है उत्पादों की भी बिक्री हो रही है इस पर लोग आकर इस म्यूजियम के अंदर इतिहास के उन पन्नों को आकर देख सकते हैं और साथ ही साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद ले सकते हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें