दनगद्दी में संत पीटर इंग्लिश मीडियम स्कूल का छात्र झरना क्षेत्र में लापता, खोजबीन जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बोलबा :- बोलबा प्रखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दनगद्दी में पिकनिक के दौरान एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां संत पीटर इंग्लिश मीडियम स्कूल, ठेठईटांगर के आठवीं कक्षा के छात्र अभिषेक कुमार सिंह झरना क्षेत्र में स्नान के दौरान लापता हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में बेचैनी का माहौल है तथा प्रशासनिक स्तर पर लगातार खोजबीन अभियान चलाया जा रहा है।मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक कुमार सिंह, पिता कृष्णा सिंह एवं माता सिल्वन्ति देवी, ठेठईटांगर प्रखंड अंतर्गत घोड़ी टोली गांव के निवासी हैं। विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रधानाध्यापक सहित स्कूल की टीम छात्रों को पिकनिक के लिए गुरुवार सुबह दनगद्दी पर्यटन स्थल लेकर पहुंची थी। यहां छात्र-छात्राएं अलग-अलग गतिविधियों में लगे हुए थे, कुछ बच्चे खाना बनाने में व्यस्त थे तो कुछ खेलकूद कर रहे थे।बताया गया कि दोपहर लगभग 3 बजे कुछ छात्र दनगद्दी के झरना क्षेत्र के समीप स्नान कर रहे थे, जिसे स्थानीय लोग खतरनाक जोन मानते हैं। इसी दौरान अभिषेक कुमार सिंह का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी की ओर बह गए। उनके साथ मौजूद छात्र अमन अनुराग कुल्लू एवं एडवीन डूंग डूंग ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का तेज बहाव होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद से छात्र लापता हैं।घटना की सूचना तुरंत बोलबा थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवीदास मुर्मू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। अंचल अधिकारी सुधांशु पाठक भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय तैराकी टीम की मदद से काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई पता नहीं चल सका।मामले की जानकारी उपायुक्त सिमडेगा को भी दे दी गई है। उपायुक्त ने एनडीआरएफ टीम को बुलाने का आश्वासन दिया है ताकि पेशेवर गोताखोरों की मदद से खोज अभियान और तेज किया जा सके। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में सतर्कता बरतने तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा पर्याप्त निगरानी नहीं रखे जाने के कारण यह हादसा हुआ है। कुछ ग्रामीणों ने स्कूल के प्रिंसिपल साइमन डूंग डूंग की लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।स्थानीय पर्यटन क्लब से जुड़े लोगों ने बताया कि नए साल के अवसर पर बीते एक सप्ताह में दनगद्दी में हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचे, लेकिन इससे पहले यहां इस तरह की कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई थी। उनका कहना है कि झरना क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।घटना के समय स्कूल के शिक्षक मधु डूंग डूंग, रजनी इंदवार, राशि बिलुंग, मिस मुस्कान और हरित आश्विन भी मौजूद थे। घटना के बाद शिक्षकगण अन्य छात्रों को सुरक्षित स्थान पर ले गए तथा अभिभावकों को सूचना दी गई।लापता छात्र की तलाश में तैराकी टीम के साथ थाना प्रभारी देवीदास मुर्मू, अंचल अधिकारी सुधांशु पाठक, ब्रह्मदेव यादव, सोमनाथ सिंह, अंचल निरीक्षक सीधेश्वर पासवान, समीर केरकेट्टा, मुन्ना बड़ाइक, रोहन जायसवाल सहित कई स्थानीय लोग सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। अलावा ठेठईटांगर  के प्रखंड प्रमुख बिपिन पंकज मिंज,विधायक प्रतिनिधि मो कारू भी रहे जहां देर शाम तक खोज अभियान जारी रहा, जिसे अंधेरा बढ़ने के कारण आंशिक रूप से रोका गया और शुक्रवार सुबह पुनः तेज करने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें