पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन से सिमडेगा सहित जनजातीय समाज में शोक

सिमडेगा:सिमडेगा की दो बार विधायक रहीं और झारखंड सरकार में समाज कल्याण एवं पर्यटन मंत्री का दायित्व संभाल चुकीं विमला प्रधान का निधन हो गया। राजधानी रांची स्थित शैंफर्ड अस्पताल में इलाज के दौरान 18 सितंबर की रात करीब 8:40 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया गया कि वह लंबे समय से लिवर कैंसर से जूझ रही थीं और उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से सिमडेगा सहित पूरे झारखंड में शोक की लहर है।विमला प्रधान ने अपने राजनीतिक जीवन में जनजातीय क्षेत्र के विकास और समाज के उत्थान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। जनजातीय समाज के हितों और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर वह हमेशा सक्रिय रहीं। मंत्री पद पर रहते हुए भी उन्होंने समाज कल्याण और पर्यटन से जुड़े कार्यों पर विशेष जोर दिया।विमला प्रधान के निधन को भारतीय जनता पार्टी के लिए भी बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके निधन से सिमडेगा की राजनीति के साथ-साथ छोटानागपुर के जनजातीय समाज को भी गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने अपने पीछे एक बड़ा परिवार छोड़ दिया है। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।