सिमडेगा:एएनएम व जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्राओं ने लगाई न्यूट्रीशन प्रदर्शनी

सिमडेगा जिले के मदर टेरेसा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बानो में एएनएम एवं जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्राओं द्वारा एक न्यूट्रीशन प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य पोषण, संतुलित आहार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस प्रदर्शनी में छात्राओं ने विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों, संतुलित भोजन, कुपोषण, एनीमिया, डायबिटीक भोजन विटामिन की कमी तथा स्वच्छ खानपान से संबंधित मॉडल, चार्ट और पोस्टर प्रस्तुत किए। हरी सब्जियां, फल, दूध, दाल, अंडा एवं मोटे अनाज के लाभों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया। छात्राओं ने बताया कि सही पोषण स्वस्थ शरीर, बेहतर मानसिक विकास और रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम में थाना प्रभारी बानो श्यामनंदन सिंह, कोर्डिनेटर रविकांत मिश्रा, अंकिता मिश्रा प्राचार्या एरेन बेक, निशि डुंगडुंग, कविता कुमारी, ऋचा हेंब्रम, अमृता लवली जोजो, अल्बिना टोपनो खुशबू कुमारी सरिता कैथा लीलावती साहू मटिल्दा तिर्की सहित सभी छात्राएं उपस्थित रहीं। अतिथियों ने छात्राओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को बेहतर प्रस्तुति के लिए प्रोत्साहित किया गया।




झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल:17 जिलों के उपायुक्त बदले, पांच डीडीसी बने डीसी

झारखंड :झारखंड सरकार ने शुक्रवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आइएएस अधिकारियों का स्थानांतरण आदेश जारी किया है।कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न मंत्रालयों, निदेशालयों, आयोग व सोसायटी में महत्वपूर्ण पदों पर स्थापित पांच अधिकारियों को जिलों में उपायुक्त के पद पर स्थानांतरित किया गया है।वहीं, दर्जनभर जिलों के उपायुक्तों का एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरण किया गया है, जबकि पांच डीडीसी को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए डीसी के पद पर नियुक्त किया गया है।जारी अधिसूचना के अनुसार पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे संदीप कुमार मीणा को लोहरदगा का डीसी नियुक्त किया गया है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के विशेष सचिव राजीव रंजन को पूर्वी सिंहभूम का उपायुक्त बनाया गया है। राजीव रंजन के पास अबतक मुख्यमंत्री सचिवालय के विशेष सचिव का भी प्रभार था।वहीं, झारखंड लोक सेवा आयोग के सचिव संदीप कुमार को लातेहार का उपायुक्त बनाया गया है, जबकि लातेहार में डीसी रहे उत्कर्ष गुप्ता को अब कोडरमा का उपायुक्त बनाया गया है।इसी तरह जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल गढ़वा के उपायुक्त बनाए गए हैं। निबंधन
महानिरीक्षक मेघा भारद्वाज को पाकुड़ का तथा उत्पाद आयुक्त लोकेश मिश्रा को गोड्डा का उपायुक्त बनाया गया है।दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को लोहरदगा से हटाकर पलामू का उपायुक्त बनाया गया। वहीं, रांची के डीडीसी सौरभ कुमार भुवानिया अब खूंटी के डीसी बना दिए गए हैं।इसी तरह खूंटी के डीडीसी आलोक कुमार को जामताड़ा का उपायुक्त बनाया गया है। हजारीबाग के डीसी शशि प्रकाश सिंह को स्थानांतरित कर देवघर का उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, साहिबगंज के उपायुक्त हेमंत सती अब हजारीबाग के डीसी होंगे।इसी तरह पाकुड़ के डीसी मनीष कुमार को स्थानांतरित कर पश्चिमी सिंहभूम का उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, कोडरमा के डीसी रहे ऋतुराज को स्थानांतरित कर रामगढ़ का उपायुक्त नियुक्त किया गया है।रवि आनंद को जामताड़ा से स्थानांतरित कर चतरा का उपायुक्त बनाया गया। गोड्डा के डीडीसी दीपक कुमार दुबे को साहिबगंज का उपायुक्त नियुक्त किया गया।वहीं, गुमला के डीडीसी दिलेश्वर महतो को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए गुमला का डीसी बनाया गया है।पूर्वी सिंहभूम के डीसी रहे कर्ण सत्यार्थी और खूंटी की डीसी रहीं आर रानिटा, गढ़वा के डीसी रहे दिनेश यादव, पश्चिमी सिंहभूम के डीसी रहे चंदन कुमार कार्मिक में योगदान देंगे।पलामू के डीसी रहीं समीरा एस की भी कहीं पदस्थापना नहीं की गई है, इन अधिकारियों को कार्मिक विभाग में योगदान देने को कहा गया है।